slug-kharsiya-traffic-cyber-awareness-campaign

खरसिया में यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान का आगाज

रायगढ़, 7 अक्टूबर (हि. स.)। हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन एवं जिला पुलिस रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आज बुधवार को खरसिया के अग्रसेन चौक में यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ के गायन से हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता को आवश्यक बताते हुए नागरिकों से अपने डिजिटल डाटा की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया।

मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर नागरिकों को जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट के उपयोग को जरूरी बताते हुए हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की पहल की सराहना की और अंकित अग्रवाल, मनोज गोयल सहित पूरी टीम को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। राहगीरों को हेलमेट वितरित किए गए तथा आईजी स्वयं बाइक रैली में शामिल होकर यातायात सुरक्षा का संदेश दिया।

इसके बाद आईजी एवं एसएसपी गंज बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां 134 वर्षों से आयोजित अखंड राम सप्ताह में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों के भजनों एवं शिव तांडव की प्रस्तुति की सराहना करते हुए रूही अग्रवाल सहित सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, एसडीओपी सतीश भार्गव, मनोज गोयल, अंकित अग्रवाल सहित हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।