jh-esic-services-expand-through-chcs

सीएचसी-पीएचसी से जोड़ी जाएंगी ईएसआईसी की चिकित्सा सेवाएं, छह लाख लोगों को लाभ की उम्मीद

रांची, 07 अक्टूबर । झारखंड में कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआईसी) की चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा सेवाओं का विस्तार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) के माध्यम से करने की पहल की जा रही है। इसके साथ ही रांची और जमशेदपुर स्थित ईएसआईसी केंद्रों में मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभुकों को भी इलाज की सुविधा देने की तैयारी है। प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जाएगा।

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में ईएसआईसी सेवाओं को राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिक से अधिक बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

प्रस्ताव के तहत रांची और जमशेदपुर स्थित ईएसआईसी केंद्रों में अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना तथा आयुष्मान भारत के लाभुकों के इलाज की संभावना पर भी विचार किया गया। वर्तमान में राज्य में ईएसआईसी की 21 डिस्पेंसरी संचालित हैं।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ईएसआईसी की ओर से प्रति संबद्ध बीमित व्यक्ति को प्रतिवर्ष एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे राज्य में करीब 1.50 लाख बीमित व्यक्तियों और उनके परिवारों समेत लगभग छह लाख लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने की संभावना है।