bjp-organized-seva-jyoti-yatra

प्रधानमंत्री के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने निकाली सेवा ज्योति यात्रा

जगदलपुर, 07 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र सेवा के सफलतम 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यहां संभाग मुख्यालय में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गयी। धरमपुरा क्रीड़ा परिसर आरंभ हुई सेवा ज्योति यात्रा मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट के समक्ष पहुंच कर संपन्न हुई। जिसमें कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व आमजन शामिल हुये।

इसके पूर्व धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नबीन का संबोधन वर्चुअल माध्यम से हुआ। संबोधन उपरांत कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं व गणमान्य जनों को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। कैबिनेट मंत्री कश्यप ने भाजपा नेताओं के साथ सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की और सेवा ज्योति यात्रा धरमपुरा से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर कर मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में पूर्ण हुई।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके अनवरत राष्ट्र सेवा व जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें समस्त बस्तर वासियों की ओर बधाई व शुभकामनायें प्रेषित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज ही दिन 07 अक्टूबर 2001 गुजरात में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब से लेकर अब तक राष्ट्र के प्रति उनके सेवा और समर्पण की यात्रा देश के प्रधानमंत्री के रूप में अनवरत जारी है। राष्ट्र को सुरक्षित करने व विकास की ऊंचाई तक पहुंचाने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर सहित समूचे देश में नक्सलवाद का समूल नाश किया। यह हम बस्तर वासियों के लिये सबसे बड़ी सौगात है क्योंकि बस्तर ने ही नक्सलवाद का दंश सबसे अधिक होगा है। इसके लिये कश्यप ने समस्त बस्तर वासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

सेवा ज्योति यात्रा व वर्चुअल संबोधन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, विधायक विनायक गोयल, जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप, डा सुभाऊ कश्यप, श्रीनिवास मिश्रा, खेमसिंह देवांगन,योगेन्द्र पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, परीस राम बेसरा, आर्येंद्र सिंह आर्य, सफीरा साहू, रामकुमारी यादव, ललिता बघेल, माहेश्वरी ठाकुर, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, निर्देश दीवान, अभिलाष यादव आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन शामिल रहे।