जाखणीधार में अभिमुखीकरण संवाद एवं विकास संकल्प सेतु सम्मेलन का आयोजन
नई टिहरी, 08 अक्टूबर । जाखणीधार ब्लॉक मुख्यालय टिपरी में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिवसीय अभिमुखीकरण संवाद एवं विकास संकल्प सेतु सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत मिशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित पंचायतों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
वीरवार को ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन का विधायक किशोर उपाध्याय ने शुभारंभ किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने, विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रमुख राजेश नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवैधानिक पद पर 25 साल पूरे कर जनकल्याण के लिए अनेक कार्य किए हैं।
कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।शिवालिक एजुकेशन वेलफेयर एंड ह्यूमन रिसोर्स सोसाइटी देहरादून के सचिव उत्तम रावत एवं मास्टर ट्रेनरों ने जिला पंचायत,क्षेत्र पंचायत,ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और उपप्रधानों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सूचना का अधिकार,सेवा का अधिकार, सिटीजन चार्टर, ओसीआर, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की नौ थीम,पंचायत सूचकांक सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर कनिष्ठ उप प्रमुख कीर्ति पंवार, जिला पंचायत सदस्य गीता देवी, खंड विकास अधिकारी दिग्विजय सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) केआर रतूड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह, जयवीर रांगड़ आदि मौजूद थे।










