बलरामपुर स्काउट्स-गाइड्स की जिला बैठक में बड़ा फैसला, हर स्तर पर खुलेंगे प्याऊ घर
बलरामपुर, 25 अप्रैल । भीषण गर्मी को देखते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला स्तरीय बैठक में अहम निर्णय लिए गए। बैठक में विद्यालयों में प्याऊ घर खोलने से लेकर प्रशिक्षण, अंशदान और आगामी सत्र की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बलरामपुर-रामानुजगंज की जिला स्तरीय बैठक जिला शिक्षा अधिकारी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने की। यह बैठक राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव बृजेश बाजपेई के निर्देशानुसार आयोजित हुई।
बैठक में भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिला, विकासखंड और विद्यालय स्तर पर प्याऊ घर खोलने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही राज्यपाल पुरस्कार, तृतीय एवं द्वितीय सोपान, ओवाईएमएस, चार्टर/वारंट, बेसिक एवं एडवांस प्रशिक्षण तथा सत्र 2025-26 के आय-व्यय (अंशदान) की समीक्षा की गई।
अंशदान जमा नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सत्र 2026-27 में सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत अंशदान, दल पंजीयन और संचालन सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार करने के निर्देश विकासखंड सचिवों को दिए गए।
राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्काउट-गाइड, रोवर और रेंजर की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान पंचमढ़ी (मध्यप्रदेश) में आयोजित पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास एवं प्रबंधन शिविर और जम्बूरी दुधली (बालोद) में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में स्काउट्स-गाइड्स संगठन के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









