swati-maliwal-attacks-kejriwal

भाजपा में शामिल होते ही स्वाति मालीवाल का केजरीवाल पर हमला, लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली, 25 अप्रैल । आम आदमी पार्टी (आआपा) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद शनिवार को कहा कि उन्होंने यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास के चलते लिया है।

स्वाती मालीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह 2006 से केजरीवाल के साथ काम कर रही थीं, लेकिन समय के साथ पार्टी का चरित्र बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ केजरीवाल के आवास पर हमला हुआ और जब उन्होंने आवाज उठाई तो धमकियां दी गईं तथा एफआईआर वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें दो साल तक संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया।

आआपा पर निशाना साधते हुए मालीवाल ने कहा कि पार्टी “महिला विरोधी” हो गई है और पंजाब में सरकार “रिमोट कंट्रोल” से चलाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रेत खनन और नशे की समस्या बढ़ी है तथा विरोध करने वाले नेताओं पर एफआईआर दर्ज की जाती हैं।

भाजपा में शामिल होने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और फैसलों की सराहना की। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि वह हमेशा वैचारिक रूप से उन नीतियों के साथ रही हैं जिन्हें वह सही मानती हैं।

केजरीवाल पर व्यक्तिगत हमला करते हुए मालीवाल ने उन्हें “गद्दार” तक करार दिया और आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने सादगी की अपनी छवि छोड़ दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर असंतोष है और कई प्रमुख लोग प्रशांत भूषण हों, शांति भूषण हों, कुमार विश्वास हों और अनगिनत हजारों-लाखों स्वयंसेवकों ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं।

मालीवाल ने कहा कि उन्होंने बहुत विचार के बाद भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है और अब वह एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करेंगी। उन्होंने आआपा के ऐसे सभी नेताओ से भाजपा में शामिल होने का आग्रह किया जो रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं।