कोरबा: गाली-गलौज, मारपीट और धमकी के मामले में आरोपित गिरफ्तार, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
कोरबा, 25 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। आज शनिवार को कोरबा पुलिस ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र जटगा, थाना कटघोरा क्षेत्र में एक गंभीर प्रकरण सामने आया, जिसमें प्रार्थिया ने आरोपित के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपित को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जिसके आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अतिरिक्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि कोरबा पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।









