revenue-review-surajpur-cg

सूरजपुर : राजस्व प्रकरणों पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

सूरजपुर, 27 अप्रैल । सूरजपुर में कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लंबित राजस्व मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में जिले में राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभाग और तहसीलवार लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने न्यायालयवार लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। बैठक में अभिलेख सुधार, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भू-अर्जन, पट्टा वितरण और अभिलेख दुरुस्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया।

इसके साथ ही सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए स्व-गणना की स्थिति की जानकारी ली गई और इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।