बलरामपुर : धान भुगतान व फर्जी केसीसी प्रकरण को लेकर किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी
बलरामपुर, 16 जून । किसानों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों के निराकरण की मांग को लेकर पीड़ित किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। किसानों ने आरोप लगाया है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानों द्वारा 09 जून 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज को मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में वर्ष 2025-26 के धान विक्रय की राशि भुगतान कराने तथा किसानों से जुड़े फर्जी केसीसी प्रकरण को समाप्त करने की मांग की गई थी।
किसानों का कहना है कि ज्ञापन देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते समस्त पीड़ित किसानों ने निर्णय लिया है कि 17 जून 2026 (बुधवार) को सुबह 10 बजे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर शाखा रामानुजगंज के सामने अनिश्चितकालीन उग्र धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन उनकी मांगों के पूर्ण समाधान तक जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
किसानों की इस चेतावनी के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई है और मामले पर सभी की नजर बनी हुई है।









