una-independence-day-takka

ऊना के टक्का स्कूल में धूमधाम से मनाया आजादी का महोत्सव

ऊना, 15 अगस्त । राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टक्का में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस प्रधानाचार्य बलविंद्र कुमार के नेतृत्व में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान मोहन लाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।मुख्यातिथि मोहन लाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हमें उनके बलिदानों को हमेशा याद रखते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।प्रधानाचार्य बलविंद्र कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को बधाई दी तथा विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।