चतरा में 13 लाख रुपये की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
चतरा, 16 जून । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के सिरकोल गांव में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये मूल्य की 2.567 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के बड़कीटांड खैरा गांव निवासी मनीष मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अफीम की खेप लेकर पत्थलगड़ा के रास्ते गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन कराया गया और एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि गठित टीम ने सिरकोल क्षेत्र में वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 2.567 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क की पहचान भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि चतरा जिला पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में पत्थलगडा थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार, प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। ———









