jh-dc-meeting-neet-examination

खूंटी में 3 मई को होगी नीट (यूजी) परीक्षा, कदाचार रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट

खूंटी, 27 अप्रैल । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (स्नातक) परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरूपा पॉल चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और परीक्षा केंद्र के नगर समन्वयक-सह-प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बैठक में बताया कि इस वर्ष जिले में लगभग 158 परीक्षार्थी नीट (यूजी) परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन 03 मई 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के लिए पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय डुमरदग्गा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निगरानी कैमरे, अभ्यर्थियों की तलाशी, बायोमेट्रिक जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पेयजल, चिकित्सीय आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चौक-चौराहों पर दिशा-सूचक पट्ट लगाने और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए स्पष्ट मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्र के आसपास धारा 163 लागू करने के निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी को दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से पहले केंद्र का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजन को लेकर जारी एसओपी का पूरी तरह पालन किया जाए और सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।