-inld-staged-a-protest

सिरसा: इनेलो किसानों व आढ़तियों पर थोपे गए नियम लागू नहीं होने देगी: अभय चौटाला

सिरसा, 15 अप्रैल । इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो किसी भी सूरत में किसानों व आढ़तियों पर थोपे गए नियमों को लागू नहीं होने देगी और इसके लिए शांतिपूर्वक तरीके से पार्टी आंदोलन चलाकर सरकार को इसे वापस लेने पर मजबूर कर देगी। अभय चौटाला बुधवार को सिरसा अनाज मंडी में सरकार द्वारा फसल खरीद को लेकर नए नियमों के विरोधस्वरूप पार्टी द्वारा दिए गए धरने को संबोधित कर रहे थे।

अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने सत्तारूढ़ होकर न तो किसानों के हक में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें ही लागू की और न ही किसानों की फसलों को एमएसपी पर खरीदने के लिए कोई कानून ही बनाया जिससे प्रमाणित होता है कि भाजपा किसान विरोधी है। अभय चौटाला ने कहा कि आज सही मायने में विपक्ष की भूमिका इनेलो निभा रही है। इनेलो ने ही सबसे पहले प्रदेश में हुए धान घोटाले के खिलाफ आवाज उठाई थी। धान घोटाले में प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा अब किसानों को नए नियमों के रूप में भुगतना पड़ रहा है। इनेलो नेता ने कहा कि राज्यसभा के लिए हरियाणा में हुए चुनावों में कांग्रेस के विधायक नीलाम हुए और भाजपा ने उन्हें खरीदा। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, गंगाराम बजाज, पवन बेनीवाल, विनोद बेनीवाल, भगवान कोटली, सुभद्रा शीलू, गुरदयाल मेहता, मनोहर मेहता, प्रदीप मेहता एडवोकेट आदि मौजूद रहे।