मप्र बोर्ड रिजल्ट: बेटियों का जलवा कायम, सरकारी स्कूलों ने मारी बाजी
जबलपुर, 15 अप्रैल । मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की है। साथ ही सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट परिणाम देकर सबका ध्यान आकर्षित किया है।
प्रदेश स्तर पर पन्ना की प्रतिभा सोलंकी ने 500 में से 499 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं कुल 378 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई।
जबलपुर जिले में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मॉडल स्कूल की 12वीं की छात्रा श्रेया जैन ने 496 अंक प्राप्त कर टॉप टेन में स्थान बनाया।
इस साल सरकारी स्कूलों का परिणाम 76.8 प्रतिशत रहा, जबकि प्राइवेट स्कूलों का रिजल्ट 68.64 प्रतिशत दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि किसी भी विद्यार्थी का परिणाम पूरक (सप्लीमेंट्री) नहीं आया। छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित किए।
सिहोरा स्थित शासकीय सांदीपनी विष्णुदत्त हायर सेकेंडरी स्कूल की 10वीं की छात्रा रश्मि गडरी ने भी 496 अंक हासिल कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा राजश्री विश्वकर्मा (493 अंक) सातवें और अनिकेत कोष्टा (491 अंक) नौवें स्थान पर रहे।
जिले में 10वीं के सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 80.59 प्रतिशत रहा, जो प्राइवेट स्कूलों के 68.20 प्रतिशत से काफी बेहतर है। वहीं 12वीं में कृति पांडे ने बायोलॉजी विषय में 484 अंक हासिल कर प्रदेश में आठवां स्थान पाया। ओम चौकसे (482 अंक), अनम अंसारी (481 अंक) और अल्फिया अंजुम (480 अंक) ने भी टॉप टेन में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया।
इस वर्ष जिले में कुल 43,072 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था। परीक्षाओं के लिए 100 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 47 शहरी और 53 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित थे। पिछले 16 वर्षों में इस बार 12वीं का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा, जिसमें 76.01 प्रतिशत छात्र सफल हुए। खुशी राज और कुमारी चांदनी विश्वकर्मा ने 494 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया।









