मप्रः सीहोर के श्लोक प्रजापति ने 12वीं गणित संकाय में प्रदेश में प्रथम स्थान किया हासिल
सीहोर, 15 अप्रैल । मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को वर्ष 2025-26 के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम घोषित होते ही सीहोर जिले के लिए गौरव का क्षण सामने आया, जब जिले के नूतन बाल विद्या मंदिर स्कूल के छात्र श्लोक प्रजापति ने कक्षा 12वीं के गणित संकाय में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्लोक की इस उपलब्धि पर कलेक्टर बालागुरू के. और जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर में हार्दिक बधाई दी है और उज्जवल भविष्य की कामना की है।
श्लोक प्रजापति ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित करते हुए न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे सीहोर जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है। श्लोक ने गणित और केमिस्ट्री विषय में 100 मे 100 अंक हासिल किए हैं। श्लोक की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों ने फूल माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपनी सफलता का श्रेय श्लोक ने नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि उनका सपना अब यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर एक सफल अधिकारी बनना है, ताकि वे देश की सेवा कर सकें। इस अवसर पर श्लोक के पिता भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनका बेटा ऊंचाइयों को छुए, और वे भी अपने बेटे को एक जिम्मेदार अधिकारी के रूप में देश की सेवा करते हुए देखना चाहते हैं।
श्लोक ने कहा कि यदि ईमानदारी और निरंतर मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है। सीहोर जिले के इस होनहार छात्र की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी अपनी मेहनत और लगन से बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
प्रदेश की प्रावीण्य सूची में हाईस्कूल में जिले के 01 एवं हायर सेकेंडरी में 04 छात्रों ने बनाई जगह
माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र भोपाल द्वारा बुधवार को वर्ष 2025-26 के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जारी मेरिट सूची के अनुसार सीहोर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। हाईस्कूल परीक्षा में जिले का परिणाम 84.90 प्रतिशत रहा, जिससे सीहोर को प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त हुआ। वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में 86.47 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले ने ग्यारहवां स्थान हासिल किया। राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में हाईस्कूल से जिले के 1 छात्र तथा हायर सेकेंडरी से 4 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
प्रावीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं के भव्य कुशवाह ने 490 अंक (98%) प्राप्त कर प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया। वहीं 12वीं कक्षा में गणित संकाय से श्लोक प्रजापति (98.60%) ने प्रथम स्थान, कला संकाय से कुं. हर्षिता जैन (96.20%) ने नौंवा स्थान, वाणिज्य संकाय से कुं. श्रुति मेवाड़ा (96.40%) ने नौंवा स्थान तथा जीव विज्ञान समूह से कुं. प्रिंसी विश्वकर्मा (97.40%) ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
जिले में कुल 103 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गई थीं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष जिले के परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
कलेक्टर बालागुरु के. तथा जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर ने सभी उत्तीर्ण छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए जिले के अधिकतर विद्यार्थी
माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10 वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले के 82.28 प्रतिशत बालक और 86.67 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं। इसी प्रकार कक्षा 12 वीं में जिले के 84.02 प्रतिशत बालक और 88.89 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं। उत्तीण होने वाले विद्यार्थियों में अधिकतर विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में से उत्तीर्ण हुए हैं।









