साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु एसपी ने की तकनीकी समीक्षा बैठक

साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु एसपी ने की तकनीकी समीक्षा बैठक

फतेहाबाद, 17 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के नेतृत्व में एनजीओ मेस, पुलिस लाइन फतेहाबाद में मंगलवार को साइबर अपराधों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर एक उच्चस्तरीय तकनीकी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिले की साइबर यूनिट, साइबर थाना एवं डिजिटल इकाई से जुड़े अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई, जिसमें साइबर अपराधों की वर्तमान प्रवृत्तियों, डिजिटल धोखाधड़ी के परिष्कृत तरीकों तथा सूचना प्रौद्योगिकी उपकरणों के दुरुपयोग की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में डीएसपी फतेहाबाद ग्रामीण जगदीश कुमार, साइबर थाना प्रभारी सतीश कुमार तथा साइबर यूनिट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसपी ने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग, स्पूफिंग, व्हाट्सएप हैकिंग एवं रिमोट एक्सेस टूल्स के माध्यम से हो रहे साइबर अपराधों की पहचान एवं उनका प्रभावी डिजिटल ट्रेसिंग और ट्रैकिंग। सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स पर डीपफेक तकनीक, फर्जी अकाउंट और डेटा चोरी जैसे अपराधों की रोकथाम हेतु एंटी-साइबर फ्रॉड सॉफ्टवेयर के उपयोग पर बल तथा पीडि़तों को त्वरित राहत दिलाने हेतु साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को साइबर सुरक्षा जागरूकता, पासवर्ड प्रबंधन, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण और डिजिटल गोपनीयता के महत्व से अवगत कराने हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। पुलिस अधीक्षक ने साइबर यूनिट को निर्देशित किया कि यूनिट में कार्यरत पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता को बढ़ाने हेतु ई-गवर्नेंस पोर्टल्स, साइबर पुलिस पोर्टल, डिजिटल इंटेलिजेंस टूल्स एवं एनालिटिकल सॉफ्टवेयर पर आधारित नियमित प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह साइबर केस एनालिसिस किया जाए, ताकि तकनीकी दृष्टिकोण से मामलों के निष्पादन में निरंतर सुधार हो सके। गंभीर साइबर अपराधों को शीघ्र निपटाने के लिए साइबर फॉरेंसिक लैब से समन्वय बनाकर कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य की पुलिसिंग तकनीक-आधारित होगी, और अपराधियों से एक कदम आगे रहने के लिए पुलिस बल को भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, और डेटा एनालिटिक्स जैसे आधुनिक डिजिटल उपकरणों का समुचित उपयोग करना होगा।