शहर में मची अन्नकूट की धूम, छप्पन भोग लगाया , सर्वमंगल की कामना की

शहर में मची अन्नकूट की धूम, छप्पन भोग लगाया , सर्वमंगल की कामना की

जोधपुर, 11 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के तीसरे दिन से शुरू हुए अन्नकूट महोत्सव धूम है। शहर के प्रमुख मंदिरों में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जा रहा है। मंदिरों में ठाकुरजी को ऋतु पुष्पों से सजाया जा रहा है व आकर्षक रोशनी की जा रही है। कार्तिक शुक्ल दशमी को भी शहर के मंदिरों में अन्नकूट व छप्पन भोग का दौर जारी रहा। छप्पन भोग से सर्वमंगल की कामना की गई।

मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बाबा की दशमी पर अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। श्री पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान ने बताया कि सोमवार को बाबा रामदेव मंदिर में फूल मंडली एवं अन्नकूट का आयोजन रखा गया। पक्की प्रसादी 12 नवंबर को दी जाएगी। रातानाडा मोहनपुरा स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ सिद्धेश्वर शिव नवगृह मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर समिति के आनंद सोनी व हनवन्त सिंह राठौड़ ने बताया कि भगवान राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती व राम दरबार को 56 भोग अर्पित किया गया। मंदिर पुजारी सीताराम ने बताया कि ठाकुरजी को नई पोषाक धारण कर महाआरती की गई।

श्री काया पलट जन सेवा समिति जोधपुर द्वारा घाटी के बालाजी महाराज के 56 भोग का आयोजन किया गया जिसमें बालाजी को 56 भोग अर्पित किया। इस दौरान मंदिर को फूलों से सजाया गया। साथ ही सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। बनाड़ क्षेत्र खोखरियां झोपड़ी रोड स्थित श्री जगन्नाथ धाम मंदिर में प्रतिदिन ही छप्पन भोग लगाया जाता है और प्रतिदिन ही शिखर की ध्वजा बदली जाती है।

इस अवसर पर धाम के महंत सुनिल महाराज के सानिध्य में श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर महिला मंडल रातानाड़ा की ओर से (अन्नकूट) छप्पन भोग का आयोजन हुआ जिसमें ललिता जोशी, मंजू डागा, रेखा परिहार, संतोष बाहेती, कौशल्या प्रजापत, संजूलता जोशी, प्रेमलता सोलंकी, भगवती राठी, मंजु प्रजापति, ऊषा चौहान संगीता पंवार, विमला पंवार ने सहभागिता निभाई। अचलनाथ महादेव मंदिर में 101 व्यंजनों की झांकी सजाते हुए अन्नकूट का भोग लगाया गया।

महाआरती के बाद भक्तों को कच्ची प्रसादी के साथ अन्नकूट के पैकेट्स का वितरण भी किया गया। बाईजी का तालाब स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में श्री विश्वकर्मा जांगिड़ पंचायत एवं मंदिर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली स्नेह मिलन का आयोजन हुआ।

मंदिर कमेटी के सचिव एडवोकेट हरीश जांगिड़ ने बताया कि श्री विश्वकर्मा जांगिड़ पंचायत के अध्यक्ष वासुदेव बुढल एवं श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अन्नकूट (85 प्रकार के व्यंजन) की मनोरम झांकी सजाई गई। साथ ही संकीर्तन का आयोजन हुआ जिसमें समाज के कलाकारों ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।