राज्यपाल ने राष्ट्रीय ‘इंडियन हैयर एण्ड ब्यूटी कॉन्फ्रेन्स’ का उद्घाटन किया
जयपुर, 06 अक्टूबर । राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को सीतापुरा स्थित जयपुर एक्जीबिशन एंड कॉवेंशन सेंटर में राष्ट्रीय ‘इंडियन हैयर एण्ड ब्यूटी कॉन्फ्रेन्स’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं में उद्यमिता का आत्मविश्वास जगाते हुए सौंदर्य प्रसाधन क्षेत्र व्यवसाय विकास का आव्हान किया। उन्होंने केश—प्रसाधन और सौंदर्य से जुड़े व्यवसाय में प्राकृतिक वस्तुओं का अधिक से अधिक प्रयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने सौंदर्य प्रसाधन व्यवसाय के अंतर्गत ‘मेक इन इण्डिया’, ‘लोकल फोर वोकल’ से उद्यमिता विकास और इनसे युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने सौंदर्य प्रसाधन और सैलून उद्योग में भारतीय परिप्रेक्ष्य से जुड़ी विकास संभावनाओं पर कार्य किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने भारत के सैलून बाजार के एक लाख दो हजार करोड़ रूपये का होने की चर्चा करते हुए कहा कि सैलून उद्योग को भारतीय केश—विन्यास परम्परा के अंतर्गत विकसित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, उद्यमिता प्रोत्साहन आदि से कैसे लघु उद्यमियों को फायदा मिल सकता है, इस पर भी कार्य किए जाने पर जोर दिया।
बागडे ने कहा कि हमारे यहां त्वचा को प्राकृतिक रूप में चमकदार बनाने और ठीक रखने के लिए एलोवेरा और शहद का इस्तेमाल होता रहा है। इसी तरह हमारे यहां आयुर्वेद में शरीर के बाहरी और अंदरूनी सौंदर्य के लिए बहुत सारे उत्पाद मिलते हैं। यह पूरी तरह से प्राकृतिक होते हैं। पेड़—पौधों के अर्क से, शहद से, हल्दी आदि से तैयार होते हैं। प्राचीन काल से केश और त्वचा के सौंदर्य के लिए इनका उपयोग लाभकारी रहा है। उन्होनें हैयर एंड ब्यूटी उद्योग की भारतीय दृष्टि और आयुर्वेद से जन जन को जोड़ने का आह्वान किया।










