crim-medical-college-nerchwok-

नेरचौक मेडिकल कॉलेज में नौकरी से हटाए गए 13 आउटसोर्स वार्ड ब्वाय, एक ने किया आत्महत्या का प्रयास

मंडी, 06 अक्टूबर । मंडी जिला के श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नेरचौक में आउटसोर्स आधार पर सेवाएं दे रहे 13 वार्ड ब्वाय को अचानक ड्यूटी से हटाए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। रोजगार छिनने से उपजे गंभीर आर्थिक संकट और मानसिक तनाव के चलते इनमें से एक कर्मचारी ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। अस्पताल में काफी समय से सेवाएं दे रहे 13 वार्ड ब्वाय को बिना किसी पूर्व ठोस व्यवस्था या नोटिस के अचानक काम से बाहर कर दिया गया है।

कर्मचारियों का आरोप है कि इस अचानक की गई कार्रवाई से उनके और उनके स्वजन के सामने दो वक्त की रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित कर्मचारियों ने संबंधित आउटसोर्स ठेकेदार पर भी मनमानी और शोषण के आरोप लगाए हैं। अचानक रोजगार छिनने और भविष्य को लेकर छाए अनिश्चितता के बादलों से आहत होकर वार्ड ब्वाय बलवंत सिंह ने खौफनाक कदम उठाते हुए आत्महत्या का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि समय रहते उसे अस्पताल में ही उपचार मिल गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार और अन्य प्रभावित कर्मचारियों में भारी रोष है।

घटना की सूचना मिलते ही बल्ह क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी तुरंत अस्पताल पहुंचे और पीड़ित कर्मचारी का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त की है। दूसरी ओर, प्रभावितों और उनके स्वजन ने प्रदेश सरकार तथा अस्पताल प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही, सभी 13 वार्ड ब्वाय को तुरंत प्रभाव से बहाल कर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए, अन्यथा वह उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।