फतेहाबाद : भट्टू ब्लाॅक समिति चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 18 नवम्बर को हाेगी वोटिंग
फतेहाबाद : भट्टू ब्लाॅक समिति चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 18 नवम्बर को हाेगी वोटिंग
– डीसी से मिले भट्टू ब्लाॅक समिति के 16 सदस्य
फतेहाबाद, 11 नवम्बर (हि.स.)। जिले की भट्टू ब्लाॅक समिति की चेयरपर्सन ज्योति लूना पर तलवार लटक गई है। भट्टू ब्लॉक समिति के आधे से ज्यादा सदस्यों ने सोमवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन देकर चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास जताया है और वोटिंग की मांग की है। इस पर उपायुक्त ने एडीसी को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग करवाने का निर्देश दिया है। अब एडीसी की अध्यक्षता में 18 नवम्बर को ब्लॉक समिति भट्टू की चेयरपर्सन ज्योति लूना के विरुद्ध अविश्वास का प्रस्ताव लाया जाएगा और वोटिंग होगी।
बता दें कि फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम के आशीर्वाद से ही ज्योति लूना भट्टू ब्लाॅक समिति की चेयरपर्सन व बंसी लाल वाईस चेयरपर्सन बने थे। हाल ही में सम्पन्न हुए हरियाणा विधानसभा के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे दुड़ाराम का चेयरपर्सन ज्योति लूना ने साथ छोड़ दिया था। चुनाव के दौरान आरोप है कि ज्योति लूना दल बदल कर कांग्रेस प्रत्याशी बलवान सिंह के समर्थन में आ गई थी। इसके बाद से पूर्व विधायक दुड़ाराम चेयरपर्सन से खफा चल रहे थे। चुनाव में दंगा करने वालों के खिलाफ पूर्व विधायक दुड़ाराम अभियान छेड़े हुए हैं। इस कड़ी में पहले भट्टू के सरपंच को निलंबित कर नया सरपंच चुना जा चुका है। इसी क्रम में अब ब्लॉक समिति चेयरपर्सन की बारी है।
उल्लेखनीय है कि भट्टू ब्लॉक समिति में 21 सदस्य शामिल हैं। अविश्ववास प्रस्ताव पारित करवाने के लिए दो तिहाई यानि 14 सदस्यों की जरूरत है। अभी 16 सदस्यों ने उपायुक्त को हलफिया बयान देकर चेयरपर्सन के प्रति अविश्वास जताया है। अविश्वास जताने वालों में वाईस चेयरमैन बंसी लाल भी शामिल हैं। बंसी लाल ने आरोप लगाया कि चेयरपर्सन अपनी मनमानी चला रहीं हैं। सदस्यों के मुद्दों और मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, इसलिए सदस्यों ने उन्हें हटाने का निर्णय लिया है।









