फतेहाबाद: ईवीएम वेयरहाउस में बनाया गया शिकायत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम व कॉल सेंटर
फतेहाबाद: ईवीएम वेयरहाउस में बनाया गया शिकायत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम व कॉल सेंटर
फतेहाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए जिला स्तर पर लघु सचिवालय के पास ईवीएम वेयरहाउस में शिकायत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम व कॉल सेंटर का बनाया गया है। इसमें शिफ्ट के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जाए और सी-विजिल अथवा टोल फ्री नंबर 1950 पर आने वाली शिकायतों अथवा समस्याओं का निराकरण निर्धारित समयावधि में करना सुनिश्चित करें। सी-विजिल एप (सिटीजन विजिल) पर आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए 100 मिनट के अंदर-अंदर उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाये।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर ने कहा कि चुनाव आयोग ने तकनीक का इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को सशक्त करते हुए चुनाव व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने सी-विजिल एप बनाया है जिस पर कोई भी नागरिक फोटो, वीडियो व ऑडियो बनाकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन बारे शिकायत दर्ज कर सकता है तथा शिकायत मिलते ही 100 मिनट के अंदर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खास बात ये है कि एप नागरिकों को उनके व्यक्तिगत पहचान का खुलासा किए बिना गुमनाम रूप से शिकायत करने की भी अनुमति देता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल एप आचार संहिता का उल्लंघन करने जैसे मुफ्त उपहार, शराब वितरण, तय समय के बाद लाउडस्पीकर बजाने आदि की रिपोर्ट करने के लिए सशक्त बनाता है। मोबाइल एप का उपयोग करके नागरिक लाइव फोटो या वीडियो कैप्चर करके अपलोड कर सकते हैं। सी-विजिल एप को ऐसी व्यवस्था से कनेक्ट किया गया है कि निर्वाचन तंत्र उल्लंघन का साक्ष्यिकसबूत मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार हो जाता है। उन्होंने बताया कि सी-विजिल पर दर्ज होने वाले प्रत्येक मामले पर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है और 100 मिनट की समय अवधि के दौरान की गई कार्रवाई के साथ शिकायतकर्ता के पास जवाब भेजा जाता है।
—————









