तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दंपती को कुचला, दोनों की मौत
रांची, 13 सितंबर । रांची के सोनहातू थाना क्षेत्र के बारेंदा टोला देवानसारणा के समीप रविवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र के कुशी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी 42 वर्षीय पत्नी सिंधु वाला देवी के रूप में हुई है। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रमेश महतो ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सिंधु वाला देवी बारेंदा कुल्याणटांड़ स्थित अपनी दीदी के घर आयोजित ‘तीन नहान’ कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान देवानसारणा के पास पीछे से आ रहे हाइवा (जेएच10 डीबी 5777) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और हाइवा की चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दुर्घटना के आरोपित हाइवा चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर सोनहातू थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति शांत कराई। करीब छह घंटे बाद सड़क जाम हटाया जा सका।
थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क जाम हटा लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।——–









