suspicious-deaths-husband-wife

बूंदी में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटकी मिली पत्नी, फर्श पर पड़ा था पति का शव

बूंदी, 13 सितंबर । शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार सुबह एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घर की पहली मंजिल पर बंद कमरे में पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पति का शव फर्श पर पड़ा था। पति के दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी और परिजन सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शव बाहर निकाले और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

घटना का पता रविवार सुबह चला। घर में रहने वाली 9 महीने की बच्ची भूख के कारण नीचे वाले कमरे में रो रही थी। बच्ची की दादी ने पड़ोसी को ऊपर भेजकर देखने को कहा। पड़ोसी पहली मंजिल पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर झांका तो एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखकर चीख निकल गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस लगभग 8 बजे मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हनीफ (37) और उसकी पत्नी रोशन (34) के रूप में हुई है।

डीएसपी अनिल जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में घटनास्थल की परिस्थितियां आत्महत्या की ओर संकेत कर रही हैं, लेकिन दोनों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हनीफ के भतीजे अकील अंसारी ने बताया कि रोशन की मानसिक हालत ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। परिजन उसे घटना से एक दिन पहले ही अस्पताल दिखाने लेकर गए थे। वहीं पड़ोसियों और परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि महिला ने पति पर हमला किया होगा। हालांकि इस आशंका की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार हनीफ चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह सिलाई का काम करता था। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी कैथून निवासी रोशन से नाता प्रथा के तहत हुई थी। दंपती घर की पहली मंजिल पर रहते थे, जबकि उनकी 9 महीने की बेटी नीचे दादी के पास सो रही थी। घटना के समय बच्ची का नीचे होना और ऊपर कमरे का अंदर से बंद मिलना पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है।

कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले घर में क्या परिस्थितियां थीं, पति-पत्नी के बीच कोई विवाद हुआ था या नहीं और दोनों की मौत किस तरह हुई। फिलहाल पुलिस मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है।