dholpur-highway-road-accident

टायर फटने से पलटा टेंपो,एक महिला की मौत

धौलपुर, 25 जुलाई । पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक टेंपो पलटने से हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। करौली-धौलपुर स्टेट हाईवे पर नया पुरा मोड़ के पास हुए हादसे में बीस अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पंहुची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस द्वारा मृतक महिला की पहचान उप्र के आगरा जिले के ककुआ गांव निवासी करीब 50 वर्षीय रिमला देवी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक उत्तरप्रदेश के आगरा जिले के ककुबा गांव निवासी दलेल सिंह का परिवार तथा अन्य लोग करौली के कैलादेवी माता मंदिर से परिवार की दो बेटियों का मुंडन संस्कार कराकर टेंपो से शनिवार दोपहर वापस अपने घर लौट रहे थे। करौली-धौलपुर स्टेट हाईवे पर नया पुरा मोड़ के पास टेंपो यूपी 80 केटी 5287 का टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आगरा जिले के ककुआ गांव निवासी करीब 50 वर्षीय रिमला देवी पत्नी दलेल सिंह की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर बाड़ी सदर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार किया गया। हादसे का शिकार बने घायलों में जीत प्रकाश 36 वर्ष, राजू 30 वर्ष, कान्हा 14 वर्ष, सुरेश 60 वर्ष, अंशिका 08 वर्ष, तान्या 03 वर्ष, आजाद 37 वर्ष, मनीषा 30 वर्ष, आर्यन 08 वर्ष, किरण देवी 30 वर्ष, रेखा 32 वर्ष, रेशमा 20 वर्ष, वैष्णवी करीब 02 माह, शिशुपाल 24 वर्ष, गोविंद 39 वर्ष, वंश 05 वर्ष, अभिराज 06 वर्ष,मिश्री 06 वर्ष,अशोक 05 वर्ष तथा नरेंद्र 26 वर्ष शामिल हैं। उधर,हादसे के बाद में टेंपो का चालक मौके से भाग निकला,जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने जिला अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सोंप दिया।