पलामू में रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ, एक वर्ष तक चलेगा कार्यक्रम
पलामू, 12 सितंबर । जिला प्रशासन की ओर से जिले में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से शनिवार को रक्तदान महाअभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान पूरे एक वर्ष तक संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से शहर से लेकर गांव तक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पलामू समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और सिविल सर्जन डॉ अनिल ने दीप प्रज्जवलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता और उनकी पत्नी डॉ वेदिका गुप्ता ने रक्तदान कर लोगों को इस महाअभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान केवल किसी व्यक्ति की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके, इसके लिए जिले में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि रक्तदान को केवल एक शिविर तक सीमित न रखते हुए इसे शहर से लेकर गांव तक जन-अभियान का स्वरूप दिया जाए।
उपायुक्त ने पलामूवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सक्षम प्रत्येक व्यक्ति आगे आए और अपनी इच्छा से रक्तदान करें। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सरकारीकर्मियों और आम लाेगाें से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
समाचार लिखे जाने तक शिविर में कुल 21 यूनिट रक्तदान किया जा चुका था। रक्तदान महाअभियान के तहत 02 अक्टूबर को पुलिस लाइन और 14 अक्टूबर को एमएमसीएच में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।









