kota-division-goods-loaded-

कोटा मंडल में अब एक ही मालगाड़ी में दो स्टेशनों से लादा जा सकेगा माल : व्यापारियों एवं उद्योगों को मिलेगी अधिक सुविधा

काेटा, 27 अक्टूबर । रेल प्रशासन ने व्यापारियों और उद्योगों के लिए रेल से माल भेजने की सुविधा को और आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब कोटा मंडल के निर्धारित दो रेलवे स्टेशनों से एक ही मालगाड़ी में माल लादा जा सकेगा। इसके लिए रेलवे ने 9 नए स्टेशन संयोजनों को मंजूरी दी है। यह सुविधा 23 अक्टूबर से लागू हो गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने मंगलवार काे बताया कि रेलवे की इस व्यवस्था को टू-पॉइंट लोडिंग कहा जाता है। इसे आसान भाषा में समझें तो यदि किसी व्यापारी के पास पूरी मालगाड़ी भरने जितना माल नहीं है, तो निर्धारित नियमों के अनुसार एक स्टेशन से कुछ वैगनों में माल लादने के बाद दूसरे स्टेशन से उसी मालगाड़ी के शेष वैगनों में माल लादा जा सकता है। इससे व्यापारियों को रेल से माल भेजने के अधिक विकल्प मिलेंगे।

रेलवे ने झालरापाटन स्टेशन को गरोठ, शामगढ़, कोटा, महिदपुर, बूंदी एवं भवानी मंडी के साथ जोड़कर 6 संयोजनों को मंजूरी दी है।

इसी प्रकार सुंदलक स्टेशन को बारां, कोटा एवं बूंदी के साथ जोड़कर 3 संयोजनों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस व्यवस्था से व्यापारियों को माल लदान के लिए अधिक सुविधा मिलेगी। एक ही मालगाड़ी में दो अलग-अलग स्टेशनों से माल भरने की सुविधा मिलने से उपलब्ध वैगनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इससे स्थानीय व्यापारियों, उद्योगों एवं माल परिवहन से जुड़े व्यवसायियों को लाभ मिलने की संभावना है। साथ ही रेलवे के माल परिवहन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। माल लदान से संबंधित रेलवे के अन्य वाणिज्यिक एवं परिचालन नियम पूर्ववत लागू रहेंगे।