बलरामपुर में दो मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा, बुलेट और होंडा शाइन बरामद
बलरामपुर, 27 अक्टूबर ।बलरामपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट और होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल अंबिकापुर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आज विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 12 सितंबर 2026 की रात इंडेन गैस गोदाम बलरामपुर के पास से रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी हुई थी। इस मामले में कोतवाली में अपराध क्रमांक 161/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, 26 सितंबर की रात जिला अस्पताल बलरामपुर से होंडा शाइन मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
दोनों मामलों में अज्ञात आरोपित और चोरी गई मोटरसाइकिलों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सुशील शांडिल्य (26), निवासी धंधापुर, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, वर्तमान निवासी नमनाकला, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपित की निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिल बरामद की गईं। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे आज मंगलवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बलरामपुर के समक्ष पेश किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल अंबिकापुर भेज दिया गया।










