jh-meeting-district-compossianat

जिला अनुकंपा समिति की बैठक में पांच मामलों की समीक्षा

खूंटी , 15 जुलाई । उग्रवादी हिंसा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुग्रह-अनुदान और अनुकंपा आधारित नियुक्ति प्रदान करने के संबंध में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कुल पांच प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान सभी मामलों से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया, ताकि पात्र आश्रितों को नियमानुसार अनुग्रह-अनुदान और अनुकंपा आधारित नियुक्ति का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

उपायुक्त ने समिति के सदस्यों के साथ सभी प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए पात्र लाभुकों के पक्ष में आवश्यक निर्णय लिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों का निष्पादन संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) प्रमोद राम, जिला कोषागार पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी (सामान्य शाखा) कोमल कुमारी, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता धर्मेंद्र किशोर सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।