2.52 करोड़ से बनेगा पीएचसी सिहवां का भवन, उपमुख्य सचेतक ने किया शिलान्यास
धर्मशाला, 11 सितंबर । शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के पीएचसी सिहवां के नए बनने वाले भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पीएचसी भवन के निर्माण पर 2.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने इसके लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। फोरलेन के समीप स्थित होने के कारण इसका लाभ हाईवे पर होने वाली आपात स्थितियों में भी मिलेगा।
पठानिया ने लोक निर्माण विभाग को भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत घर के निर्माण का एस्टीमेट तैयार करने को भी कहा। उन्होंने बताया कि सिहवां में ट्रॉमा सेंटर खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ फोरलेन पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायलों को भी तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
विधायक ने बताया कि सिविल अस्पताल शाहपुर को अगले एक माह में नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर उन्होंने स्व. दुलो राम को भी याद किया जिन्होंने स्वास्थ्य संस्थान हेतु अपनी जमीन दान दी थी। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्यातिथि का स्वागत किया और विभाग की ओर से दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।









