legal-camp-surajpur-cg

सूरजपुर : नवापारा के विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट और आत्मरक्षा की दी जानकारी

सूरजपुर, 15 जुलाई । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या हाई स्कूल नवापारा और पूर्व माध्यमिक शाला नवापारा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा और करियर निर्माण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में, आज बुधवार व्यवहार न्यायाधीश हिमांशु पण्डा ने पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

हिमांशु पण्डा ने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच की पहचान करने, किसी भी अनुचित घटना पर चुप न रहने तथा तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आवाज उठाना जरूरी है, ताकि अपराधियों का मनोबल न बढ़े।

उन्होंने आत्मरक्षा के दौरान उचित बचाव से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को करियर चुनने, लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सफलता के लिए अनुशासन और समर्पण का महत्व भी बताया।

शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने कानून, करियर और अपने अधिकारों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका हिमांशु पण्डा ने सरल भाषा में उत्तर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य किरण उपाध्याय, शिक्षकगण तथा पैरा लीगल वालंटियर्स सत्य नारायण और उमेश कुमार रजवाड़े उपस्थित रहे।