jh-sonua-solar-irrigation-scheme

सोनुआ में 09 किसानों को मिली सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली

पश्चिमी सिंहभूम, 15 जुलाई । जिले के सोनुआ प्रखंड में किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण (एटीएमए) की ओर से संचालित ‘किसान समृद्धि योजना’ के तहत 09 किसानों को 02 एचपी क्षमता वाली सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली उपलब्ध कराई गई।

इस पहल से किसानों को कम लागत में सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी।

बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव ने लाभुक किसानों को सोलर सिंचाई प्रणाली के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर कृषि को अधिक लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सोलर आधारित सिंचाई व्यवस्था किसानों के लिए आर्थिक रूप से भी काफी लाभदायक साबित होगी।

इस योजना के सफल संचालन में ‘प्रदान’ संस्था ने भी अहम भूमिका निभाई। संस्था ने गांव-गांव जाकर किसानों को योजना की जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया से लेकर आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने तक हर चरण में सहयोग किया, जिससे पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल सका।

कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अर्थरंजन प्रधान, एटीएम सौरव कुमार और प्रदान संस्था के कार्यकारी मनीष कुमार ने किसानों को सोलर लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के प्रभावी उपयोग, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

सोलर सिंचाई प्रणाली मिलने से उत्साहित किसानों ने राज्य सरकार, एटीएमए और प्रदान संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना था कि अब समय पर सिंचाई करना आसान होगा, डीजल और बिजली पर होने वाला खर्च बचेगा और वर्षभर खेती कर उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।