मोकहर कला की करोड़ों की शत्रु संपत्ति होगी नीलाम, ०3 जुलाई को ई-ऑक्शन
पलामू, 24 जून । जिले के हैदरनगर अंचल के मोकहर कला (करीमनडीह) स्थित शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज कई भूखंडों की ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भारत सरकार के अधीन शत्रु संपत्ति अभिरक्षक की ओर से शत्रु संपत्ति अधिनियम, 1968 की धारा 8ए के तहत इन जमीनों को ऑनलाइन नीलामी के माध्यम से बेचा जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार ०3 जून से ०2 जुलाई 2026 तक नोटिस अवधि निर्धारित की गई है, जबकि ०3 जुलाई 2026 को ई-ऑक्शन आयोजित होगा। नीलामी प्रक्रिया एमएसटीसी इंडिया लिमिटेड के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न कराई जाएगी।
सूची में शामिल प्रमुख भूखंडों में प्लॉट संख्या 1616 की 1.25 एकड़ भूमि का न्यूनतम मूल्य 25.06 लाख रुपये, प्लॉट संख्या 676 की 34 डिसमिल भूमि का मूल्य 13.30 लाख रुपये और प्लॉट संख्या 1734 की 63 डिसमिल भूमि का मूल्य 12.36 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
इच्छुक बोलीदाताओं को निर्धारित ईएमडी जमा कर ऑनलाइन बोली में भाग लेना होगा। प्रशासन का कहना है कि पूरी नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
वहीं, बुधवार से क्षेत्र में वर्षों से शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज इन जमीनों की बिक्री को लेकर ग्रामीणों और भू-स्वामित्व मामलों से जुड़े लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।









