plas-polio-prtiraction-abhyan-

मंडी जिले में 61 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

मंडी, 24 जून । जिला मंडी में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान आईपीपीआई को सफलतापूर्वक संचालित किया जाएगा। जिला टास्क फोर्स की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई।

अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथि 28 जून को नजदीकी पोलियो बूथ अथवा स्वास्थ्य संस्थान में अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की खुराक पिलाकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक यह जीवनरक्षक खुराक पहुंचाना आवश्यक है।

बैठक का संचालन करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून 2026 को जिले के शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों तथा निर्धारित बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस वर्ष 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के अनुमानित 61,604 बच्चों को अभियान के तहत कवर किया जाएगा, जबकि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के 496 बच्चों की विशेष रूप से पहचान की गई है।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1,103 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 4,416 बूथ टीम सदस्य एवं कर्मचारी तथा 231 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 ट्रांजिट स्थलों और 32 विशेष क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी।