बिजली बिल में वृद्धि के खिलाफ भाजपा ने किया बिजली विभाग कार्यालय का घेराव
चतरा, 17 अप्रैल । जिले में लगातार बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिल के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया।
यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और बिजली विभाग की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन में सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल, प्रदेश मंत्री अमरजीत यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा, अक्षयवट पांडेय, विनय सिंह, डॉ मृत्युंजय सिंह, कपिल पासवान, गोविंद तिवारी, मिथलेश गुप्ता, जय प्रकाश सिंह समेत जिला, प्रखंड और मंडल स्तर के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता को लगातार बिजली कटौती और महंगे बिलों की मार झेलनी पड़ रही है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन जनहित से जुड़ा है और जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होता एवं बिल वृद्धि पर नियंत्रण नहीं लगाया जाता, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।









