शाजापुर: वॉटर पार्क हादसे में घायल युवक की इंदौर में मौत, परिजन शव लेकर पहुंचे पार्क
शाजापुर, 05 जून । मध्य प्रदश के शाजापुर जिले के पनवाड़ी स्थित एक वॉटर पार्क में हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक दो दिन तक इंदौर के अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष करता रहा, लेकिन शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ जिले के भेसवा निवासी सुनील अपने दो दोस्तों के साथ बुधवार को पनवाड़ी स्थित वॉटर पार्क घूमने आया था। नहाने के दौरान उसने स्विमिंग पूल में गोता लगाया, तभी उसका सिर पूल के तल या किसी कठोर सतह से टकरा गया। चोट इतनी गंभीर थी कि वह मौके पर ही अचेत हो गया।
मौजूद लोगों और पार्क कर्मचारियों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया था। वहां दो दिन तक उपचार चलने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव लेकर वॉटर पार्क पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर पार्क प्रबंधन से चर्चा की और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
सुनेरा थाना पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में वॉटर पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं युवक की असामयिक मौत से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और संभावित जिम्मेदारियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









