दतियाः परशुराम प्राकट्य दिवस 19 को, अक्षय तृतीया 20 अप्रैल को मनाई जाएगी
दतिया, 17 अप्रैल । वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया के रूप में मनाने की परंपरा है। इस वर्ष यह पर्व 20 अप्रैल को रोहिणी नक्षत्र में पड़ रहा है, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार रोहिणी नक्षत्र युक्त अक्षय तृतीया विशेष फलदायी मानी जाती है।
ज्योतिष गणना के अनुसार चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में शुक्र के साथ स्थित होकर मालव्य नामक पंचमहापुरुष राजयोग का निर्माण कर रहा है, जो इस पर्व को और अधिक शुभ बना रहा है। वहीं 19 अप्रैल को तृतीया तिथि लगने से भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा।
भगवान श्री परशुराम प्राकट्य उत्सव के अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज दतिया द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्सव के तहत अभिषेक, कन्याभोज, बाइक रैली एवं भव्य चल समारोह शामिल हैं।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा उपस्थित रहेंगे।
ब्राह्मण समाज के अक्कू दुबे ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 20 अप्रैल को होगी। इस दिन प्रातः 9 बजे रासबिहारी मंदिर स्थित पकोड़िया महादेव पर भगवान परशुराम का अभिषेक एवं कन्याभोज आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 10 बजे नवयुवकों द्वारा रिंग रोड मॉल के पास से बाइक रैली निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी।
वहीं 25 अप्रैल को सायं 6 बजे रासबिहारी मंदिर पकोड़िया महादेव से भव्य चल समारोह प्रारंभ होगा। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों ने सभी विप्र बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।









