झामुमो की बैठक में एसआईआर सहित कई मुद्दों पर चर्चा
खूंटी, 17 अप्रैल । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) तोरपा प्रखंड के कार्यकर्ताओं की बैठक शुक्रवार को दियांकेल बगीचा में प्रखंड अध्यक्ष रुबेन तोपनो की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद और विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) और बीएलए के गठन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करें। उन्होंने बताया कि जिला, प्रखंड और पंचायत समिति सहित विभिन्न वर्ग संगठनों के जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उन्हें हटाकर नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय महासचिव से भी निर्देश प्राप्त हो चुका है।
वहीं विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होते हैं। बिना कार्यकर्ताओं के किसी भी पार्टी की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आम लोगों की समस्याएं सुनें और उन्हें उनके पास तक पहुंचाएं, ताकि एक-एक कर समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जा सके।
बैठक में जिला सचिव सुशील पहन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमृत हेमरोम, केंद्रीय समिति सदस्य भोला लाल, देवनाथ माघईया, जिला संगठन सचिव प्रदीप केशरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।









