बिजली कटौती और मनमानी बिलिंग के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल
खूंटी, 17 अप्रैल । लगातार बिजली कटौती, पोस्टपेड मीटर में मनमानी बिलिंग और बदहाल विद्युत व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को जिला भाजपा कमेटी की ओर से जिला विद्युत अभियंता कार्यालय में हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता की समस्याओं को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी और पूर्व विधायक कोचे मुंडा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इससे पूर्व इसी मुद्दे को लेकर समाहरणालय के समक्ष भी धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष कैलाश राम, जगन्नाथ मुंडा, निखिल कंडुलना, कंचन सिंह, प्रियांक भगत, गोपाल स्वर्णकार, अनूप साहू सहित मंडल अध्यक्ष क्रमशः सुबोध गुप्ता, सुधीर सिंह, आशीष कुमार, परशुराम दास, किशोर बड़ाईक, ज्ञान रंजन सिंह, गुलाब महतो, विनोद नाग, राजेश नाग, रीना ओड़ेया, नौरी पूर्ति , रामानंद साहू आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।









