रायगढ़ के बंगुरसिया धान खरीद केन्द्र में रात्रि में जंगली हाथियों ने बोला धावा , 15 बोरा धान कर गए चट
जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीद की प्रक्रिया निरंतर जारी है मगर इस बीच हाथी प्रभावित क्षेत्रों में धान की सुरक्षा को लेकर खतरा मंडराने लगा है। रायगढ़ रेंज का बंगुरसिया सर्किल हाथी प्रभावित क्षेत्र है जहां किसानों की सुविधा को देखते हुए इस साल भी धान खरीद केन्द्र बनाया गया है। धान खरीद के दौरान यहां गजराज धमक पड़ते हैं और धान को नुकसान पहुंचाते हैं। बुधवार की रात को भी ऐसा ही हुआ। जंगल से निकल कर दो दंतैल बंगुरसिया के धान खरीदी केन्द्र पहुंच गये और वहां रखे 15 बोरा धान को चट कर गये। यह पूरा नजारा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम ने हाथियों की निगरानी तेज कर दी है तो दूसरी तरफ प्रशासन की ओर से धान खरीदी केंद्र में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किये जा रहे हैं।









