एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ खोला माेर्चा, पुलिस के साथ हुई झूमा-झटकी
सोमवार को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के विरोध में जमकर प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात थी। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के गेट से पुतला जलाकर निकले। तैनात पुलिस बल ने पुतले को बुझाकर छीनकर भागने लगा। इससे आक्रोशित कार्यकर्ताओं की भीड़ पुतले के पीछे भागे। पुतला छीनने एनएसयूआइ के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की भीड़ कोतवाली थाना के अंदर घुस गए। जिसे पुलिस जवानों ने गेट के बाहर भेजा। इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। इसके बाद जमीन पर बैठकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि, बिलासपुर के बहुचर्चित पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा घोटाले ने प्रदेश की परीक्षा प्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। शासकीय एवं निजी स्कूलों में लगभग एक महीने बाद भी पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध नहीं है। जिससे जिले के हजारों विद्यार्थी किताबों के बिना पढ़ने को मजबूर है। निजी स्कूल शासन के दिशा निर्देशों को धता बताकर मनमाने ढंग से फीस बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही शासकीय कालेजों में जनभागीदारी एवं अशासकीय शुल्क के नाम पर अवैध फीस वृद्धि लागू कर दी गई है। जिला शासकीय पुस्तकालय में बेरोजगार और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं शुल्क वसूला जा रहा है, जो गलत है। विद्यार्थियों का शैक्षिक भविष्य दांव पर है फिर भी सरकार मौन है। आज का पुतला दहन बस्ता खाली, जेब खाली छात्र अधिकार आंदोलन का पहला चरण है। राज्य सरकार जल्द से जल्द स्पष्ट कार्ययोजना घोषित करें। नहीं तो आंदोलन और तेज होगा। इस दौरान एनएसयूआई के नमन बंजारे, जय श्रीवास्तव, विशु देवांगन, नोमेश सिन्हा, चितेंद्र साहू, पारसमणी साहू, सूरज पासवान, देवेंद्र देवांगन, आशुतोष खरे, सुदीप सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।









