महिला आरक्षण विरोधियों को जनता सिखा रही सबक: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 05 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भटृ ने महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि देशभर में ऐसे दलों को जनता सजा देना शुरू कर चुकी है और यह सिलसिला उत्तराखंड में भी जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाली पार्टियों के खिलाफ जनमत स्पष्ट रूप से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत पश्चिम बंगाल सहित हालिया चुनावों में देखने को मिली है और आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी इसका प्रभाव दिखाई देगा। भट्ट ने कांग्रेस को महिला विरोधी करार देते हुए दावा किया कि प्रदेश की महिलाएं अब विपक्षी दलों के चरित्र को पहचान चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की मातृशक्ति में कांग्रेस के प्रति आक्रोश है और आगामी चुनाव में उसे करारा जवाब मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि देवभूमि की जागरूक महिलाएं कांग्रेस के महिला विरोधी रवैये को समझ चुकी हैं। वर्ष 2027 में प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव परिणाम यह संकेत देते हैं कि देश की जनता अब विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर मतदान कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण मतदाताओं की प्राथमिकता बन चुका है। महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण और राष्ट्रविरोधी राजनीति को जनता नकार रही है और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों में बाधा डालने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’प्रदेश के सर्वांगीण विकास और ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव परिणामों से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और जनता का भरोसा पार्टी पर और मजबूत हुआ है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।









