चोरी की नीयत से फार्म हाउस में घुसे युवक को लगा हाईटेंशन तार से करंट, मौत
गाजियाबाद, 26 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में एसआरएम यूनिवर्सिटी के सामने शेरावत फार्म हाउस में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक की वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन तार से करंट लगने से मौत हो गई। यह मामला तब सामने आया जब एक राहगीर ने फार्म हाउस मालिक को बाथरूम के बाहर एक शख्स के लटके होने की जानकारी दी। मालिक ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना पाकर थाना निवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मृत पाया। शव का पंचनामा कर आज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। फार्म हाउस मालिक ने बताया कि उनके यहां पहले भी चोरी हो चुकी है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









