nuh-cias-major-operation

नूंह में गांजे के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

नूंह, 25 सितंबर । नूंह जिला पुलिस की अपराध जांच शाखा (सीआईए) ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक किलो 895 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी की पहचान गांव घासेड़ा निवासी इकबाल के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना सदर नूंह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बीती रात नूंह सीआईए टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव घासेड़ा निवासी इकबाल अड़बर बाईपास रोड पर नशीला पदार्थ बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान इकबाल निवासी घासेड़ा के रूप में बताई। इसके बाद नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। आरोपी के हाथ में मौजूद काले रंग की पन्नी वाले बैग की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे का कुल वजन 1 किलो 895 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी इकबाल के खिलाफ थाना सदर नूंह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।