devarshi-narada-jayanti-

देवर्षि नारद जयंती 9 मई को अजमेर में मनाई जाएगी

अजमेर, 05 मई । देवर्षि नारद जयंती के उपलक्ष्य में नारद जयंती समारोह समिति, अजमेर की ओर से 9 मई शनिवार को सायं 4:30 बजे स्वामी कॉम्प्लेक्स स्थित बैंक्विट हॉल में पत्रकार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष सुनील दत्त जैन ने बताया कि कार्यक्रम में महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल मुख्य वक्ता होंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रज्ञा प्रवाह, राजस्थान के क्षेत्र सह संयोजक डॉ. सत्यनारायण कुमावत उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि अजमेर में वर्ष 2012 से निरंतर नारद जयंती का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार शहर के प्रबुद्धजन, स्तंभकार, ब्लॉगर, पत्रकार, मीडिया कर्मी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, यूट्यूबर, पत्रकारिता के विद्यार्थी एवं महिला पत्रकारों के लिए विशेष गोष्ठी आयोजित की जा रही है।

कार्यक्रम का उद्देश्य देवर्षि नारद के जीवन से प्रेरणा लेकर पत्रकारिता के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य करने तथा जनकल्याण और लोककल्याण की भावना को बढ़ावा देना है। गोष्ठी में वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पत्रकारिता के समक्ष चुनौतियों, बदलते मीडिया परिदृश्य और महिला पत्रकारों की भूमिका व उनके सामने आने वाली कठिनाइयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

सुनील दत्त जैन ने बताया कि प्रांत स्तरीय कार्यक्रम 3 मई को उदयपुर में आयोजित किया जा चुका है, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। अजमेर में भी पूर्व में वर्ष 2023 में प्रांत स्तरीय आयोजन किया जा चुका है।

पत्रकार वार्ता में मंत्री कंवल प्रकाश किशनानी, प्रेम आनंदकर, राजेन्द्र लालवानी, प्रदीप कुमार सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।