jh-fire-breaks-out-dumper-cabin

डंपर के केबिन में लगी आग, जांच में जुटी पुलिस

पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों को आग लगने की घटनाओं से वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है।

रविवार दीपावली की रात कोटगढ़ ढाबा के पास खड़े ट्रेलर में आग लगने के बाद सोमवार देर रात सेंट मेरी स्कूल के समीप खड़े एक हाइवा के केबिन में आग लग गई। घटना में हाइवा का केबिन पूरी तरह जल गया।

बताया गया कि सेंट मेरी स्कूल के पास खड़ा हाइवा कुम्हार टोली निवासी बीरेंद्र पासवान का है। सोमवार देर रात करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने वाहन मालिक को फोन कर हाइवा में आग लगने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद नोवामुंडी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और टाटा स्टील प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।

समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। हाइवा का अगला हिस्सा और टायर आग की चपेट में आने से बच गए। जिस स्थान पर वाहन खड़ा था, उसके आसपास कई अन्य भारी वाहन भी मौजूद थे, जबकि पास में ही सेंट मेरी स्कूल का भवन स्थित है। आग फैलने की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता था।

वाहन मालिक के पुत्र के मुताबिक हाइवा पिछले 10 से 15 दिनों से उसी स्थान पर खड़ा था। दो दिन पहले ही अज्ञात लोगों ने वाहन का टर्मिनेटर चोरी कर लिया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर हाइवा की बैटरी पहले ही निकाल दी गई थी। ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना से उन्होंने इनकार किया है।

प्रारंभिक तौर पर पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।