govardhan-puja-jaipur-

जयपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गोवर्धन पूजा

जयपुर, 10 नवंबर । राजधानी जयपुर में मंगलवार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण और ठाकुरजी का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। इसके बाद छप्पन भोग और अन्नकूट के रूप में विभिन्न प्रकार के पकवान अर्पित किए गए। मंदिरों में विशेष झांकियां सजाई गईं और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। घरों में भी महिलाओं ने प्रवेश द्वार के सामने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर फूलों और पत्तियों से सजाया तथा विधि-विधान से पूजन किया।

वैशाली नगर स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में गोवर्धन पूजन और अन्नकूट उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह 10:30 बजे प्राचीन वैष्णव परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजन हुआ। इस दौरान संतों ने विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना की। भगवान को अर्पित किए गए महा-अन्नकूट में भक्तों की ओर से तैयार किए गए 1100 से अधिक शुद्ध और सात्त्विक व्यंजन शामिल रहे। अन्नकूट की भव्य सजावट के दर्शन दोपहर 12 बजे से शाम 6:30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहे।

जयपुरवासियों के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के सान्निध्य में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुरजी के अभिषेक के बाद नवीन पोशाक धारण करवाई गई और छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। मंदिर के पश्चिमी द्वार पर महंत परिवार की ओर से गोवर्धन पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर अन्न-धन की संपन्नता और सुख-समृद्धि की कामना की।

सुभाष चौक स्थित पानो का दरीबा के श्री शुक सम्प्रदाय आचार्य पीठ श्री सरस निकुंज में पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया गया। दोपहर में पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में पद गायन के माध्यम से ठाकुरजी को रिझाया गया। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि ठाकुर श्री राधा सरस विहारीजी और पूर्ववर्ती आचार्यों को मूंग, मोठ, चोला, चावल, बाजरा, मिश्रित सब्जी, पूड़ी सहित मोटे अनाजों से बने विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। ठाकुरजी को सकरी और अनसकरी यानी कच्ची-पक्की भोग सामग्री, शारदीय व्यंजन और ऋतु फलों का भी भोग अर्पित किया गया। परिसर को फूलों और बंदरवाल से सजाया गया। श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर प्रसादी ग्रहण कराई गई।

सोडाला के रामनगर स्थित कटारिया मार्ग पर इच्छापूर्ण महालेश्वर महादेव मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया गया। आयोजक और समाजसेवी राहुल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक से हुई। इसके बाद भगवान महादेव को मूंग, मोठ, चोला, चावल, बाजरा, गड़मड़ सब्जी, पूड़ी सहित विभिन्न शारदीय व्यंजनों का भोग लगाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

गोवर्धन पूजा पर गुप्त वृन्दावन धाम में मथुरा के वृन्दावन जैसा भक्तिमय वातावरण नजर आया। यहां 21 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत की भव्य झांकी सजाई गई। इस पर्वत का निर्माण गाय के गोबर और भारत की पवित्र नदियों एवं तीर्थों के जल से किया गया। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को बाएं हाथ की कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण किए हुए दर्शाया गया। इसके दर्शन कर श्रद्धालुओं ने ‘गिरिराज गोवर्धन की जय’ के जयकारे लगाए। भगवान श्रीश्री कृष्ण-बलराम का विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तों ने स्वयं 56 प्रकार के व्यंजन तैयार कर गिरिराजजी को भोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन हुआ। धाम के अध्यक्ष अमितासना कृष्ण स्वामी ने गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने सात वर्ष की आयु में अपनी बाईं हाथ की छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर इंद्र द्वारा भेजे गए तूफान और वर्षा से सात दिनों तक ब्रजवासियों की रक्षा की थी।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर घरों में भी गोबर से पर्वत की आकृति बनाकर उसे फूलों और पत्तियों से सजाया गया। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर दूध, दही, मिठाई और पकवान अर्पित किए। लोगों ने गायों का पूजन कर उन्हें चारा खिलाया। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन प्रकृति, पशुधन और गौसेवा के प्रति आभार प्रकट करने का भी विशेष महत्व माना जाता है।

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे शुरू हुई थी, जो 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रही। जयपुर में गोवर्धन पूजा का सुबह का शुभ मुहूर्त 6:43 से 8:54 बजे तक था। प्रतिपदा तिथि के आधार पर मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। तिथि में अंतर के कारण इस बार दीपावली के अगले दिन के बजाय 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा हुई। सामान्यत: पांच दिन तक चलने वाला दीपोत्सव इस बार छह दिन तक मनाया जा रहा है।

दीपोत्सव का अंतिम पर्व भाईदूज बुधवार, 11 नवंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। भाई भी बहनों को उपहार देंगे। भाईदूज के साथ छह दिन तक चलने वाले दीपोत्सव का समापन होगा।