bandhavgarh-has-become-a-stron

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व बना गजराजों का नया ठिकाना, एक सदी बाद लौटी हाथियों की मौजूदगी; संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा

शहडोल, 10 नवंबर । मध्य प्रदेश का बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अब केवल बाघों के लिए ही नहीं, बल्कि जंगली हाथियों के लिए भी नई पहचान बना रहा है। करीब एक सदी तक इस क्षेत्र से दूर रहे एशियाई हाथियों ने वर्ष 2018 में यहां फिर दस्तक दी। छत्तीसगढ़ से आए 30 से 35 हाथियों के झुंड ने बांधवगढ़ के जंगलों को अपना ठिकाना बनाया। आज बांधवगढ़ और आसपास के वन क्षेत्रों में करीब 50 से 70 जंगली हाथियों की मौजूदगी दर्ज की जा रही है। हाथियों की वापसी मध्य प्रदेश के वन्यजीव परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है।

भारतीय इतिहास और संस्कृति में हाथियों का विशेष स्थान रहा है। प्राचीन युद्धों से लेकर मंदिरों के निर्माण और राजदरबारों तक हाथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे शक्ति, समृद्धि और गौरव के प्रतीक माने जाते हैं। भारत में हाथी को राष्ट्रीय धरोहर पशु का दर्जा प्राप्त है। अब बांधवगढ़ के जंगलों में उनकी वापसी इस प्राकृतिक विरासत के पुनर्जीवित होने का संकेत दे रही है।

मध्यप्रदेश के उमरिया और शहडोल जिलों में फैला बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश में बाघों के सर्वाधिक घनत्व वाले क्षेत्रों में शामिल है। वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ की ओर से शहडोल वन परिदृश्य होते हुए 30 से 35 हाथियों का झुंड यहां पहुंचा था। हाथियों ने पनपथा बफर क्षेत्र से प्रवेश कर पतौर और खितौली रेंज होते हुए बिरुहली तक आवाजाही की। यहां पर्याप्त पानी, घास के मैदान और वनस्पति मिलने के कारण उन्होंने इस क्षेत्र को अपना आवास बना लिया।

वर्तमान में बांधवगढ़ के अलावा संजय-दुबरी टाइगर रिजर्व और शहडोल के बाणसागर बैकवॉटर क्षेत्र में भी हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। विशेषकर खितौली पर्यटन क्षेत्र में हाथियों के झुंड पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। हालांकि कुछ नर हाथियों का पर्यटक वाहनों की ओर दौड़ना खतरे की स्थिति भी पैदा करता है। इस कारण वन विभाग पर्यटकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह देता है।

ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार, कभी ओडिशा से बस्तर, बुंदेलखंड, बघेलखंड और मध्यप्रदेश होते हुए गुजरात तक फैले वन क्षेत्रों में हाथियों की बड़ी आबादी थी। मुगलकालीन इतिहासकार अबुल फजल ने भी मालवा और इलाहाबाद सहित कई सूबों में हाथियों की मौजूदगी का उल्लेख किया है। उस समय हाथियों का उपयोग युद्ध, परिवहन और राजसी आयोजनों में होता था।

समय के साथ जंगलों की कटाई, कृषि भूमि का विस्तार, शिकार और हाथियों को पकड़ने की गतिविधियों से उनकी संख्या घटती गई। वन विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ष 1920 के बाद मध्यप्रदेश में हाथियों की स्थायी जंगली आबादी नहीं रह गई थी। वर्ष 2002 के आसपास छत्तीसगढ़ से हाथियों के झुंड सीधी और संजय गांधी टाइगर रिजर्व के आसपास आने लगे थे। धीरे-धीरे उनकी आवाजाही का दायरा बढ़ा और वर्ष 2018 में बांधवगढ़ तक पहुंच गई।

हाथियों की वापसी के साथ मानव-हाथी संघर्ष की चुनौती भी सामने आई है। फसलों को नुकसान, मकानों की क्षति और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसी बीच 29 अक्टूबर 2024 को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की खितौली और पतौर रेंज की सीमा पर 13 हाथियों के झुंड में से चार हाथी मृत मिले। अगले दो दिनों में छह और हाथियों की मौत हो गई।

जांच और पोस्टमार्टम में हाथियों के पेट में बड़ी मात्रा में बिना पचा कोदो पाया गया। जबलपुर और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली की फोरेंसिक जांच में साइक्लोपियाजोनिक एसिड नामक माइकोटॉक्सिन की पहचान हुई। यह विषाक्त पदार्थ नमी के कारण कोदो की फसल को प्रभावित करने वाली फफूंद से उत्पन्न होता है। जांच में कीटनाशकों की मौजूदगी नहीं मिली। इसके बाद प्रभावित क्षेत्र की खड़ी कोदो की फसल नष्ट कराई गई। राज्य सरकार ने हाथियों के संरक्षण और प्रबंधन के लिए राज्य स्तरीय हाथी टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा की।

हाथियों की बढ़ती संख्या और उनकी गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था को आधुनिक बनाया है। नवंबर 2024 में एक संघर्ष-प्रवण नर हाथी को जीपीएस और वीएचएफ रेडियो कॉलर लगाया गया। इस कार्य में भारतीय वन्यजीव संस्थान और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया का तकनीकी सहयोग मिला। इसके बाद अन्य नर हाथियों को भी रेडियो कॉलर लगाए गए।

इस वर्ष मई में खितौली रेंज में छोड़े गए कॉलर-4 हाथी की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पानी में उतरने और लंबी दूरी तक घूमने की आदत के कारण उसकी तुलना विश्व प्रसिद्ध तैराक माइकल फेल्प्स से की जाती है। वहीं, कान्हा टाइगर रिजर्व में उपचार और देखभाल के बाद एक आक्रामक नर हाथी को रेडियो कॉलर लगाकर बांधवगढ़ में छोड़ा गया है। अब झुंड की मुखिया मादा को भी कॉलर लगाने की तैयारी है, जिससे पूरे झुंड की आवाजाही पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

हाथियों की गतिविधियों की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए वन विभाग ने गजरक्षक मोबाइल एप संचालित किया है। बांधवगढ़ लैंडस्केप के 125 से अधिक गांवों के 2500 से अधिक ग्रामीणों को इस एप से जोड़ा जा चुका है। इसके माध्यम से हाथियों की लोकेशन साझा कर संभावित खतरे के प्रति ग्रामीणों को सतर्क किया जाता है।

इसके अलावा बांधवगढ़ में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां पूर्वी मध्यप्रदेश के हाथी प्रभावित सात जिलों से जानकारी जुटाई जाती है। यह जानकारी प्रतिदिन भोपाल स्थित राज्य मुख्यालय भेजी जाती है। रेडियो बुलेटिन और जिला स्तर पर व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से भी अलर्ट जारी किए जाते हैं।

मानव-हाथी संघर्ष कम करने के लिए बांधवगढ़ प्रबंधन ने प्रभावित गांवों में हाथी मित्र दल गठित किए हैं। इनमें स्थानीय लोगों और प्रशिक्षित वनकर्मियों को शामिल किया गया है। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर ये दल गांवों में पहुंचकर लोगों को सतर्क करते हैं। ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, जंगल में अनावश्यक प्रवेश नहीं करने और अचानक सामना होने पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने की जानकारी दी जाती है।

बांधवगढ़ में हाथियों की वापसी के साथ उनके प्राकृतिक आवास और आवाजाही के गलियारों को सुरक्षित रखना भी जरूरी हो गया है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और मध्यप्रदेश के वन क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। इसके साथ ही फसल और संपत्ति के नुकसान पर समय पर मुआवजा, प्रभावी पूर्व चेतावनी व्यवस्था और ग्रामीणों का विश्वास कायम करना भी महत्वपूर्ण है।

रेडियो कॉलर से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर हाथियों के प्रवास मार्ग, वन गलियारों और मानव बस्तियों के आसपास उनकी गतिविधियों का अध्ययन किया जा रहा है। इससे भविष्य में सुरक्षित आवास और हाथियों की आवाजाही के रास्तों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पहचान अब बाघों के साथ गजराजों के लिए भी बनने लगी है। करीब एक सदी बाद हाथियों की वापसी प्रकृति के अनुकूल परिस्थितियों में अपने पुराने प्राकृतिक परिदृश्य को फिर आबाद करने का उदाहरण है। हालांकि इस विरासत को बचाए रखने के लिए वन विभाग, सरकार और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर तालमेल जरूरी होगा, ताकि बाघों और हाथियों के साथ ग्रामीणों का जीवन भी सुरक्षित रह सके।