he-secured-nine-points-for-the

जींद में गोल्डन गर्ल कबड्डी खिलाड़ी साक्षी शर्मा का हुआ सम्मान

जींद, 10 नवंबर । उचाना खंड के गांव करसिंधु की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी साक्षी शर्मा द्वारा महिला कॉमनवेल्थ कबड्डी मुकाबले में स्वर्ण पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन करने पर उचाना सेवा गु्रप की ओर से उनके निवास पर मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अध्यक्षता सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी धर्मवीर आर्य ने की, जबकि कार्यक्रम का परिचय सेवा गु्रप के संयोजक मा. रामप्रसाद ने करवाया।

शिक्षाविद रामचंद्र अत्री ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव की बात है कि गांव करसिंधु की बेटी साक्षी शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश की टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि फाइनल मुकाबले में साक्षी ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर देश के लिए नौ अंक जुटाए।

उसकी इस उपलब्धि से न केवल गांव करसिंधु बल्कि पूरे उचाना क्षेत्र का मान बढ़ा है। साक्षी जैसी प्रतिभाशाली बेटियां दूसरी बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी और उन्हें खेलों में आगे बढऩे का हौसला देंगी। एसडीएम एवं उचाना सेवा गु्रप चेयरपर्सन सुमन यादव आईएएस ने साक्षी शर्मा को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।

खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी देश के लिए गर्व की बात है। साक्षी की सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढऩे और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने अन्य बेटियों को भी साक्षी से प्रेरणा लेकर जीवन में मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढऩे का संकल्प दिलवाया। इस अवसर पर साक्षी के ताऊ सतबीर शर्मा, साहित्यकार रामफल खटकड़, समाजसेवी ओमप्रकाश शर्मा, पंडित देशराज, डा. सत्यवान, डा. जगदीप मोर, जितेंद्र सोनी कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।