न रुकेंगे, न झुकेंगे, 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 07 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करेगा। हमें इस संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ना है। न रुकेंगे, न झुकेंगे और विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे। प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल हैं। यह बात उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को प्रयागराज में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के दौरान कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत धरना स्थल से हुई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सुभाष चौराहे पहुंचकर समाप्त हुई। यहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुना।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष स्वतंत्र भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय हैं। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में हुए सुधारों और सुशासन से देश में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गांवों से लेकर वैश्विक मंच तक भारत की पहचान मजबूत हुई है। गरीबों, वंचितों और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनमें आत्मविश्वास पैदा किया गया है। आज भारत का युवा वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बना रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर काम करते हुए समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा संगठन के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश को नई दिशा दी है। आज उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 का विकसित भारत आज की युवा पीढ़ी के संकल्प और परिश्रम से साकार होगा।
यात्रा के संयोजक मंजीत कुशवाहा रहे। कार्यक्रम में प्रयागराज महानगर प्रभारी राकेश त्रिवेदी , भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, डॉ. शैलेश पांडेय, विजय श्रीवास्तव, अनुज कुशवाहा, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, विजय द्विवेदी, मनोज कुशवाहा, विवेक मिश्रा, उमेश तिवारी, दिलीप चतुर्वेदी, मोहित गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, शुभम सिंह, शिखा रस्तोगी, शोभिता श्रीवास्तव, प्रिया कैथवास, सुजीत कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










