सेवा संकल्प अभियान की बाइक यात्रा का औरैया में भव्य स्वागत
औरैया, 22 सितंबर । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से गुजरात के वड़नगर तक निकाली जा रही बाइक यात्रा के मंगलवार को औरैया जनपद आगमन पर महटोली में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान अभियान से जुड़े प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सेवा, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
बाइक यात्रा में शामिल युवाओं ने योगाभ्यास के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित दिनचर्या के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इसके बाद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, विधायक गुड़िया कठेरिया सहित प्रमुख नेताओं ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत आनेपुर में लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लाभार्थियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी साझा की। लाभार्थियों ने योजनाओं की सराहना करते हुए अपने अनुभव बताए। पार्टी नेताओं ने लाभार्थियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया।
वक्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर यात्रा के इंचार्ज राघवेंद्र सिंह, सह इंचार्ज सुधांशु सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, भूरे चौबे, सौरभ भूषण शर्मा, रजनीश पांडेय, विशाल शुक्ला, अवधेश भदौरिया, अंकुर तिवारी, हरपाल सिंह, रामजी मिश्रा, रामजी बाजपेई, राहुल गुप्ता, नितिन अवस्थी, कन्हैया कठेरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









